सोमवार, 24 सितंबर 2018

अशोक कुमार का जीवन परिचय Ashok Kumar Biography In Hindi

नाम : अशोक कुमार
जन्म : 1 जून, 1958
जन्मस्थान : मेरठ (उत्तर प्रदेश)

हॉकी के प्रख्यात खिलाड़ी ध्यानचंद के पुत्र अशोक कुमार को जल्दी ही ख्याति प्राप्त हो गई | लेकिन उनके लिए अपने पिता के समान बेहतरीन प्रदर्शन करना दुष्कर कार्य था | उनके लिए श्रेष्ठ प्रदर्शन एक चुनौती के समान था, लेकिन 1974 में उन्होंने ‘अर्जुन पुरस्कार’ जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी । उन्होंने अन्तिम गोल लगाकर (1975 में) भारत को विश्व कप दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी |


अशोक कुमार का जीवन परिचय (Ashok Kumar Biography In Hindi)

अशोक कुमार ने बहुत कम उम्र में गेंद पर नियंत्रण व खेल में कुशलता प्रदर्शित कर खेल के विशेषज्ञों को पिता-पुत्र के बीच तुलना करने को प्रोत्साहित कर दिया । उन्होंने पहले जूनियर स्कूल टीम में शामिल होकर खेलना आरम्भ किया, फिर वह क्लब के लिए हॉकी खेलने लगे और उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने लगातार 4 वर्ष तक हॉकी खेली ।

अशोक कुमार ने 1966-67 में राजस्थान विश्वविद्यालय के लिए खेला । इसके बाद वह कलकत्ता चले गए और मोहन बागान क्लब के लिए खेलने लगे । 1971 में बंगलौर में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उन्होंने बंगाल टीम की ओर से खेला ।

इसके बाद अशोक कुमार ने सीनियर फ़्लाइट पर्सन के रूप में इंडियन एयरलाइन्स में नौकरी कर ली और उसकी ओर से राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व किया ।

अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने सर्वप्रथम 1970 में बैंकाक एशियाई खेलों में भाग लिया, जिसमें भारतीय टीम पाकिस्तान से हार गई थी । उन्होंने 1974 में तेहरान एशियाई खेलों व 1978 में बैंकाक एशियाई खेलों में भी भाग लिया और दोनों बार रजत पदक जीता ।

अशोक कुमार ने 2 बार ओलंपिक खेलों में भी भाग लिया । 1972 के म्यूनिख ओलंपिक तथा 1976 के मांट्रियल ओलंपिक में उन्होंने भारतीय टीम की ओर से खेला और दोनों बार भारतीय टीम तीसरे स्थान पर रह कर कांस्य पदक जीत सकी । अशोक ने 1971 में सिंगापुर में पेस्ता सुखा अन्तरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेला । फिर 1979 में उन्होंने पर्थ (आस्ट्रेलिया) में एसेन्डा हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी की । 1974 में उन्होंने आल एशियन स्टार टीम में खेला । वह दो बार वर्ल्ड इलेवन के लिए भी चुने गए ।

1971 में बार्सिलोना में हुए प्रथम ‘विश्व कप’ में वह भारत की ओर से खेले, जिसमें टीम ने कांस्य पदक जीता था । 1973 में एम्सटरडम में द्वितीय विश्व कप में उन्होंने भाग लिया जिसमें टीम ने रजत पदक जीता ।

उनके कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1975 में देखने को मिला जब कुआलालपुर में हुए ‘विश्व कप’ में उन्होंने सबसे महत्वपूर्ण अन्तिम गोल लगाकर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया । उनकी अंतिम व चौथी विश्व कप में भागीदारी अर्जेन्टीना में रही जिसमें टीम छठे स्थान पर रही ।

खेलों से रिटायरमेंट के पश्चात् अशोक कुमार इंडियन एयरलाइंस हाँकी टीम व एयर इंडिया हॉकी टीम के मैनेजर रहे ।

उपलब्धियां :

अशोक कुमार ने 1974 व 1978 के तेहरान क बैंकाक एशियाई खेलों में भारतीय टीम की ओर से भाग लिया जिसमें टीम ने रजत पदक जीते ।

1972 तथा 1976 में म्यूनिख व मांट्रियल ओलंपिक में उन्होंने भाग लिया और टीम ने दोनों बार कांस्य पदक जीता ।

उन्होंने 1974 में आल एशियन स्टार टीम के लिए खेला, फिर वर्ल्ड XI टीम के लिए चुने गए ।

उन्होंने 1971 व 1973 में बार्सिलोना ब एम्सटरडम में विश्व कप में खेला जिसमें टीम ने कांस्य व रजत पदक जीते ।

1975 में भारतीय टीम की ओर से अंतिम विजेता गोल लगाकर कुआलालंपुर में उन्होंने भारत को विश्व कप में स्वर्ण पदक दिलाया |

1974 में उन्हें ‘अर्जुन पुरस्कार’ दिया गया |

रविवार, 23 सितंबर 2018

धनराज पिल्लै का जीवन परिचय Dhanraj Pillay Biography In Hindi

नाम : धनराज पिल्लै
जन्म : 16 जुलाई, 1968
जन्मस्थान : किर्की, पुणे (महाराष्ट्र)

हॉकी में सेंटर फारवर्ड खेलने वाले धनराज पिल्लै के खेल में गति और स्ट्राइकिंग कौशल है | उन्होंने कैरियर के शानदार वर्षों में अनेक पुरस्कार प्राप्त किए हैं | 1991 में उन्हें महाराष्ट्र सरकार का ‘शिव छत्रपति अवार्ड’ प्रदान किया गया | इसके अतिरिक्त वह ‘राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार’, ‘अर्जुन पुरस्कार’ व ‘पद्मश्री’ पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं |


धनराज पिल्लै का जीवन परिचय (Dhanraj Pillay Ka Jeevan Parichay)

भारतीय खेल जगत में हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै का नाम बहुत गर्व से लिया जाता है । हॉकी के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ सेन्टर फारवर्ड खिलाड़ी समझे जाने वाले धनराज की तुलना क्रिकेट के सचिन तेंदुलकर से की जाती है । जैसे क्रिकेट में सचिन का कोई सानी नहीं है, इसी प्रकार धनराज पिल्लै भी हॉकी के खेल में सर्वश्रेष्ठ समझे जाते हैं ।

धनराज पिल्लै की कहानी एक ऐसे सामान्य दर्जे के लड़के की कहानी है जो गरीब परिवार से निकलकर कड़ी मेहनत करके अपना मुकाम हासिल करता है । पुणे की हथियारों की फैक्टरियों की गलियों में खेल-खेलकर उनका बचपन बीता । पांच बहन-भाइयों के बीच धनराज के यहां धन की कमी होते हुए भी उसे खेल के लिए पूरा नैतिक समर्थन प्राप्त हुआ । धन की कमी के कारण धनराज व उसका भाई हॉकी खरीदने में पैसे खर्च करने में असमर्थ थे । अत: वे इसके स्थान पर टूटी हुई हॉकी को रस्सी से बांध कर उससे खेला करते थे ।

धनराज को बचपन से आज तक अपनी माँ से बेहद लगाव है । धनराज का कहना है- ‘यह कल्पना करना कठिन है कि घर में इतने कम साधन होते हुए भी माँ ने हमें पाल-पोसकर बड़ा किया और हम सब को एक अच्छा इंसान बनाया ।’

धनराज की मातृभाषा तमिल है । इसके अतिरिक्त वह हिन्दी, मराठी व अंग्रेजी भाषा जानता है । वह इंडियन एयरलाइन्स में असिस्टेंट मैनेजर है । वह तीन ओलंपिक में, 3 वर्ल्ड कप में तथा 4 एशियाई खेलों में भाग लेने वाला एकमात्र भारतीय है । वे एक सीनियर खिलाड़ी हैं और भारतीय टीम के लिए आशा की किरण हैं । वह अपने से 15 वर्ष छोटे खिलाड़ियों को भी फुर्ती में मात दे सकते हैं । उन्हें अपने खेल से प्यार है और वे मेहनत से खेले हैं ।

उन्हें 1994 में ‘वर्ल्ड इलेवन टीम’ के लिए चुना गया । 1998 में उन्होंने भारतीय टीम का नेतृत्व हालैंड में विश्व कप में किया । उन्होंने अपने हॉकी के खेल की शुरुआत पुणे के एस.बी.एस. हाईस्कूल से की । 1985 में उन्हें इम्फाल में होने वाली जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए महाराष्ट्र की टीम के लिए चुना गया । अगले वर्ष उनका चुनाव सीनियर टीम के लिए हो गया । वह तब से लगातार महाराष्ट्र और मुम्बई की ओर से राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेल रहे हैं । 1991-92 में लखनऊ में होने वाले फेडरेशन कप में वह मुम्बई टीम में थे, जो विजयी रही थी ।

धनराज पिल्लै को दो बार सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया । पहली बार 1992 में बेल्जियम, हालैण्ड, इंग्लैंड और स्पेन में हुई सीरीज में चुना गया और दूसरी बार 1994 में लखनऊ में हुए इन्दिरा गांधी गोल्ड कप टूर्नामेंट में उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया । वह वर्ष 2003 तक ही 400 से अधिक मैच खेल चुके थे ।

उपलब्धियां :

1995 में उन्हें ‘अर्जुन पुरस्कार’ प्रदान किया गया |

1998-99 के लिए उन्हें के.के. बिरला फाउडेशन पुरस्कार’ दिया गया |

1999 में धनराज को ‘राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया ।

वर्ष 2001 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया |

1989 में आल्विन एशिया कप में पहली बार अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर शामिल हुए, जिस टीम ने रजत पदक जीता ।

ओलंपिक :

सितम्बर 2000 में सिडनी ओलंपिक में टीम के सदस्य । 1 गोल किया टीम 7वें स्थान पर ।जुलाई-अगस्त 1996 में अटलांटा ओलंपिक में टीम आठवें स्थान पर | दो गोल किए |जुलाई/अगस्त 1999 में बार्सीलोना में टीम के सदस्य |

विश्व कप : 2002 में कुआलांलपुर में दो गोल, 1998 में उत्रेची में दो गोल, कैप्टन बने । विश्व 11 खिलाड़ियों की टीम में धनराज का चयन |

चैंपियंस ट्राफी: 2002 में कोलोन में दो गोल, प्लेयर आफ द टूर्नामेंट घोषिता |

एशियाई खेल : 1990 में बीजिंग में और 1994 में हुए एशियाई खेलों में उन्होंने सात पदक प्राप्त किये | अक्टूबर 2002 में हुए बुसान एशियाई खेलों में भारतीय टीम के अगुआ झण्डा धारक बने | उन्होंने 3 गोल दाग कर टीम को रजत पदक दिलाया |

‘आल स्टार एशियन गेम्स’ टीम के सदस्य बनाए गए ।

1998 में बैंकाक में टीम ने उनके नेतृत्व में स्वर्ण पदक जीता | उन्होंने 10 गोल दागे ।

1994 में हिरोशिमा में व 1990 में बीजिंग में टीम द्वितीय ।

एशिया कप :

1999 में कुआलांलपुर में उन्होंने तीन गोल किये । टीम तीसरे स्थान पर |

1993 में हिरोशिमा में तथा 1989 में नई दिल्ली में टीम के सदस्य रहे । नई दिल्ली में टीम दूसरे स्थान पर रही |

अन्तरराष्ट्रीय इंदिरा गांधी गोल्ड कप : इस टूर्नामेंट में वह 5 बार शामिल हुए | 1990, 1992 तथा 1994 में उन्होंने टाइटिल जीता । 1995 में टीम के सदस्य | 1999 में 7 गोल दाग कर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने ।

चैंपियंस चैलेंज : 2001 में कुआलालंपुर में प्रथम स्थान | 1 गोल किया |

भारत-पाक सीरीज : 1998 में हुई इस सीरीज में धनराज कप्तान बने |

सैफ खेल : 1995 में चेन्नई में टीम प्रथम |

कॉमनवेल्थ खेल : 1998 कुआलालंपुर में टीम चौथे स्थान पर 5 गोल किए |

सुल्तान अजियन शाह कप : 1991 में मलेशिया में टीम ने यह कप जीता जिसमें पिल्लै भी शामिल थे ।

वर्ष 2000 में कुआलालंपुर में तीसरे स्थान पर । उन्होंने 5 गोल किए | 1996 में ई पोह में खेले । आल्पस अन्तरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट (1992 में आस्ट्रिया) तथा सैफ खेल हॉकी टाइटल ( मद्रास 1995 में) टीम ने जीते । पिल्लै दोनों समय टीम के सदस्य थे |

आस्ट्रेलियाई दौरा : 2000 में सिडनी में टीम तीसरे स्थान पर, एक गोल किया | 2000 में पर्थ में टीम पहले स्थान पर, दो गोल किए |

यूरोप का दौरा : 2002 में एम्स्टेलवीन, 2000 में बर्सिलोना, 2000 में बेल्जियम, 1997 में हम्बर्ग, 1995 में जर्मनी, 1993 में वियना, 1993 में इंटरकांटिनेंटल टूर्नामेंट पोजनान, 1990 में बी.एम.डब्लू. टूर्नामेंट में टीम में खिलाड़ी रहे |

राष्ट्रीय टूर्नामेंट : उपर्युक्त अन्तर्राष्ट्रीय खेलों के अतिरिक्त धनराज ने सीनियर नेशनल (1997), जूनियर नेशनल (1995), राष्ट्रीय खेल (2002), जवाहरलाल नेहरू हॉकी टूर्नामेंट (2002), लाल बहादुर शास्त्री हॉकी टूर्नामेंट (2002), गुरूगप्पा गोल्ड कप (2002, 1999, 1998) में टीम के खिलाड़ी रहे | गुरूगप्पा गोल्ड में 2002 व 1999 में वे ‘मैन ऑफ द फाइनल’ चुने गए |

एथेंस ओलंपिक 2004 में भारतीय हॉकी टीम से बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन टीम एथेंस में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी और अंत में सातवें स्थान पर रही | अंतिम समय पर टीम का कोच बदला जाना भी टीम के घातक सिद्ध हुआ । धनराज पिल्लै का यह अंतिम ओलंपिक था 

शनिवार, 22 सितंबर 2018

बलबीर सिंह का जीवन परिचय Balbir Singh Biography In Hindi

नाम : बलबीर सिंह
जन्म : 10 अक्टूबर 1924
जन्मस्थान : हरीपुर, जालंधर (पंजाब)

प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह का नाम आज भी शीर्ष खिलाड़ियों में लिया जाता है | वह अपने खेलने के दिनों से ही सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में एक समझे जाते रहे है । उनकी आज भी भारत में ही नहीं विश्व में भी प्रशंसा होती है । उनकी हाँकी से ऐसे गोल निकलते थे, जिनका जवाब नहीं । उन्होंने तीन बार ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता- 1948 में 1952 में तथा 1956 में | वह पंजाब सरकार में खेलों के निदेशक भी रहे | मोगा में एक इनडोर स्टेडियम का नाम उनके नाम पर रखा गया है । 1957 में उन्हें ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया गया |


बलबीर सिंह का जीवन परिचय (Balbir Singh Biography In Hindi)

वह हॉकी के बेहतरीन स्ट्राइकर समझे जाते रहे हैं । वह हॉकी टीम के सेंटर-फारवर्ड खिलाड़ी रहे तथा तीन बार ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया । बलबीर सिंह की प्रारम्भिक शिक्षा देव समाज स्कूल तथा डी.एम. कॉलेज मोगा में हुई । उन्होंने अमृतसर के खालसा कॉलेज से स्नातक शिक्षा प्राप्त की ।

उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय की हॉकी टीम का नेतृत्व किया । 1945 में अन्तर-विश्वविद्यालय चैंपियनशिप में बलबीर सिंह के नेतृत्व में पंजाब विश्वविद्यालय की टीम ने विजय प्राप्त की । जल्दी ही उनका पंजाब पुलिस में चयन हो गया । वह पंजाब पुलिस हॉकी टीम के सदस्य रहे और 1948 से 1960 के बीच अनेकों बार उनके नेतृत्व में टीम ने देश-भर में विजय प्राप्त की । उन्होंने पंजाब राज्य की उस टीम का नेतृत्व किया जिसने 1949 में राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीती थी ।

बलबीर सिंह को पहली बार 1947 में भारतीय टीम में शामिल किया गया । तब उन्होंने भारत को श्रीलंका के खिलाफ विजय दिलाई ।

1950 में अफगानिस्तान के खिलाफ, तथा सिंगापुर के खिलाफ तथा 1954 में मलेशिया के खिलाफ भारतीय टीम का नेतृत्व करते हुए उन्होंने टीम को विजय दिलाई । वह ‘इंडिया वंडर्स’ टीम के भी सदस्य थे । इस टीम ने न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया, सिंगापुर तथा श्रीलंका के खिलाफ 1955 में अनेक मैच खेले ।

1958 में हॉकी को टोकियो एशियाई खेलों में शामिल किया गया । तब बलबीर सिंह ने ही भारतीय टीम का नेतृत्व किया । बलबीर सिंह ने तीन ओलंपिक खेलों में भाग लिया – 1948 में लंदन में, 1952 में हेलसिंकी में तथा 1956 में मेलबर्न में । हेलसिंकी में बलबीर सिंह ने भारतीय टीम की कप्तानी की और 13 में से 9 गोल उन्होंने स्वयं लगाए । मेलबर्न में भी पाकिस्तान के विरुद्ध 1956 में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता । उनकी इन्हीं उपलब्धियों के कारण उन्हें 1957 में ‘पद्‌मश्री’ से अलंकृत किया गया ।

बलबीर सिंह ने जब हॉकी से खिलाड़ी के रूप में संन्यास लिया तब उनकी मांग कोच तथा मैनेजर के रूप में होने लगी । 1962 में अहमदाबाद में अन्तरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता, बलबीर सिंह उस टीम के मैनेजर थे । उनके मैनेजर रहने पर भारतीय टीम ने इन अवसरों पर विजय प्राप्त की:- 1970 में बैंकाक एशियाई खेलों में रजत पदक जीता, 1971 में बार्सिलोना में विश्व हॉकी कप में कांस्य पदक जीता । 1982 में विश्व टूर्नामेंट, एम्सटरडम में टीम ने कांस्य पदक जीता । 1982 में दिल्ली में हुए एशियाई खेलों में टीम ने रजत पदक जीता ।

जब भारतीय टीम ने 1975 में कुआलालंपुर में थर्ड वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता, तब बलबीर सिंह भारतीय टीम के मैनेजर, कोच तथा टीम के मुख्य चयनकर्ता थे । इस टूर्नामेंट में भारत ने 11 वर्ष बाद स्वर्ण पदक जीता था, जिसका श्रेय बलबीर सिंह को जाता है ।

1982 में मेलबर्न में एसांडा वर्ल्ड कप खेलने के वक्त भी भारतीय टीम के मैनेजर बलबीर सिंह थे । उन्हें अनेक बार उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया ।

1974 में वाशिगंटन में केनेडी मेमोरियल इन्टरनेशनल हॉकी टूर्नामेंट में बलबीर सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया । उसके छह वर्ष पश्चात् 1980 में मास्को ओलंपिक में उन्हें सम्मानित अतिथि के रूप में बुलाया गया । दिल्ली में 1982 में हुए एशियाई खेलों की मशाल बलबीर सिंह ने ही प्रज्जवलित की थी ।

बलबीर सिंह पंजाब राज्य खेल परिषद के सेक्रेटरी रहे तथा 1982 में रिटायर होने तक वह पंजाब सरकार के खेल निदेशक के पद पर कार्य करते रहे । मोगा (पंजाब) में एक इन्डोर स्टेडियम का नाम उन्हीं के नाम पर रखा गया है । ध्यानचंद की भांति उन्होंने एक पुस्तक भी लिखी है, जिसका नाम है – ‘द गोल्डन हैट ट्रिक’ ।

उपलब्धियां :

बलबीर सिंह ने तीन बार ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया | इन तीनों ओलंपिक (लदंन 1948, हेलसिंकी 1952, मेलबर्न 1956) में भारत ने स्वर्ण पदक जीता ।

वह पंजाब विश्वविद्यालय टीम के कप्तान रहे ।

उन्होने पंजाब राज्य की टीम का भी नेतृत्व किया ।

उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 1950 में अफगानिस्तान के तथा 1954 में सिंगापुर व मलेशिया के विरुद्ध विजय प्राप्त की ।

1958 में टोकियो एशियाई खेलों में बलबीर सिंह भारतीय टीम के कप्तान रहे ।

उनके टीम मैनेजर रहते हुए भारतीय टीम की विजय का रिकार्ड स्वर्ण- 1962-अहमदाबाद (इन्टरनेशनल हॉकी टूर्नामेंट), रजत-1970,बैंकाक (एशियाई खेल), कास्यं-1971 -बर्सिलोना (वर्ल्ड हॉकी कप), कास्यं-1982-एम्सटरडम(वर्ल्ड टूर्नामेंट), रजत-1982-दिल्ली (एशियाई खेल) ।

1975 में थर्ड वर्ल्ड कप टूर्नामेंट, कुआलालंपुर में भारतीय टीम ने स्वर्ण जीता तब टीम के मैनेजर, कोच ब मुख्य चयनकर्ता बलबीर सिंह थे |

वह ‘पंजाब स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल’ के सेक्रेटरी रहे ।

वह 1982 में रिटायरमेंट तक पंजाब सरकार के खेल निदेशक रहे ।

1957 में उन्हें ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया गया |

मोगा में उनके नाम पर स्टेडियम का नाम रखा गया है |

उन्होने ‘द गोल्डन हैट ट्रिक’ नामक पुस्तक लिखी है ।

शुक्रवार, 21 सितंबर 2018

मेजर ध्यानचंद सिंह का जीवन परिचय Major Dhyan Chand Biography In Hindi

नाम : मेजर ध्यानचंद सिंह
जन्म : 29 अगस्त, 1905
जन्मस्थान : प्रयाग (उत्तर प्रदेश)

मेजर ध्यानचंद भारत के पूर्व हॉकी खिलाड़ी तथा ओलंपिक खिलाड़ी थे | उन्हें हॉकी का आज तक का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी माना जाता है | लोग उन्हें “हॉकी का जादूगर” नाम से भी जानते हैं | उन्होंने अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन द्वारा एडोल्फ हिटलर तक को अचंभित कर दिया था । उनका जन्मदिन अर्थात 29 अगस्त भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है | इसी दिन राष्ट्रपति द्वारा खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं | दिल्ली में इंडिया गेट के पास बने स्टेडियम का नाम उन्हीं के नाम पर ध्यानचंद स्टेडियम रखा गया | उनकी याद को अमर बनाने के भारत सरकार ने खेलों में ‘ध्यानचंद पुरस्कार’ भी रखा है | यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जो खेलों से रिटायरमेंट के बाद भी खेलों में सक्रिय न होकर खेलों के किसी न किसी प्रकार का सहयोग करते हैं और अपना योगदान देते हैं । भारतीय डाक विभाग ने उनकी याद में डाक टिकट भी जारी किया है |


मेजर ध्यानचंद सिंह का जीवन परिचय (Major Dhyan Chand Biography In Hindi)

ध्यानचंद का जन्म प्रयाग (अब इलाहाबाद) में राजपूत परिवार में हुआ था । उनके पिता सेना में सूबेदार थे । प्रारम्भिक शिक्षा के बाद वह 1922 में 17 वर्ष की आयु में सेना में सम्मिलित हो गए । वह पंजाब रेजीमेंट के सिपाही थे । ब्राह्मण रेजीमेंट के सूबेदार मेजर भोले तिवारी ने पहली बार ध्यानचंद की गेंद लुढकाने व गोल करने की कुशलता को परखा ।

1927 में ‘लंदन फॉकस्टोन फेस्टीवल’ में उन्होंने इंग्लिश हॉकी टीम के विरुद्ध अति उत्तम प्रदर्शन किया । 10 मैचों में हुए 72 गोल में से 36 गोल ध्यानचंद ने लगाये थे ।

1928 में ‘समर ओलंपिक’ नीदरलैण्ड के एम्सटरडम में हुए थे, जहां ध्यानचंद भारतीय टीम में गए थे । ध्यानचंद के उत्तम खेल के कारण ही भारत 3-0 से जीतकर स्वर्ण पदक पाने में सफल हुआ । उन्होंने सेंटर फार्वर्ड स्थान पर खेलते हुए तीन में से दो गोल किए थे ।

ध्यानचंद का गेंद पर इतना अधिक कंट्रोल रहता था कि ऐसा लगता था, मानो गेंद उनकी हॉकी से चिपक गई हो । इसी कारण उन्हें ‘हॉकी का जादूगर’ कहा जाता था । उनके इसी गुण के कारण एक बार टोकियो के अधिकारियों ने यह कहकर उनकी हॉकी तोड़ दी कि उसके अंदर उन्होंने चुम्बक लगा रखी है । उनके खेल की प्रतिभा का आलम यह था कि एक बार एक महिला ने उनसे कहा कि वह उनकी चलने वाली छड़ी से खेलकर दिखाएं । ध्यानचंद ने उस छड़ी से भी गोल बना डाले । वियना के एक कलाकार ने ध्यानचंद को अपने चित्र में आठ भुजाओं वाला बनाया ।

1932 में लॉस एंजेल्स में हुए समर ओलंपिक में अमेरिकी टीम को हराते हुए भारतीय टीम ने 24-1 के स्कोर पर स्वर्ण पदक जीता जो आज भी एक रिकॉर्ड है । इसमें से आठ गोल ध्यानचंद ने लगाए थे । इस वर्ष ध्यानचंद ने भारत के 338 गोल में से 133 गोल लगाए थे । उनके गोल इतनी तेजी से लगते थे कि दर्शक देखते रह जाते थे ।

1933 में बैटन कप का फाइनल मैच ध्यानचंद के लिए बेहद यादगार मैच रहा । यह मैच झांसी हीरोज तथा कलकत्ता कस्टम्‌स के बीच हुआ था । आश्चर्य की बात यह थी कि ध्यानचंद यहाँ एक भी गोल नहीं लगा सके थे । मैच से वापसी के बाद झांसी हीरोज की टीम को ट्रेन की तीसरी श्रेणी के अनारिक्षत डिब्बे में सफर करना पड़ा । अत: ध्यानचंद ने इस मैच को यादगार मैच कहा ।

1935 में न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया के दौरे में 43 मैच खेले गए जिसमें भारत ने 584 गोल किए । इन गोल में ध्यानचंद के 201 गोल थे । इन्हीं मैचों के दौरान आस्ट्रेलिया के एडीलेड में ध्यानचंद का डॉन ब्रेडमैन से आमना-सामना हुआ । डॉन ब्रेडमैन ने ध्यानचंद को खेलते व गोल लगाते हुए देखा । वह आश्चर्यचकित होकर बोले- ”वह क्रिकेट के रनों की भाँति गोल बनाते हैं ।”

एक अविस्मरणीय घटना

1936 के समर ओलंपिक में एक अविस्मरणीय घटना ध्यानचंद के जीवन में घटी । बर्लिन में होने वाले इन ओलंपिक में ध्यानचंद की रेजीमेंट ने उन्हें भेजने से इंकार कर दिया । लेकिन पुन: प्रार्थना करने पर उन्हें जाने की अनुमति दे दी । उन दिनों सेना किसी कारणवश व्यस्त थी ।

ध्यानचंद के नेतृत्व में भारतीय टीम समर ओलंपिक में भाग लेने बर्लिन पहुंची । वहां फाइनल मैच के पहले जर्मनी के साथ एक दोस्ताना मैच हुआ ।

देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत भारतीय टीम ने ड्रेसिंग रूम में भारतीय तिरंगा फहराया और भारतीय राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम गाया । जब कि वहां ब्रिटिश राष्ट्रीय गीत गाना उनके लिए अनिवार्य था ।

भारतीय टीम मध्य खेल तक 1-0 से आगे चल रही थी । फिर द्वितीय आधे समय में भारत ने 7 गोल कर दिए । छह गोल होने तक ही जर्मनी टीम ने खिसिया कर भारतीय खिलाड़ियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी । जर्मनी के गोलकीपर से अड़ंगे में ध्यानचंद का एक दांत टूट गया । लेकिन वह फिर कुछ ही देर में खेलने लगे ।

यह मैच देखने के लिए जर्मनी का नाजी तानाशाह एडोल्फ हिटलर भी आया हुआ था । वह अपने देश की ‘सुपीरियर’ टीम की हार बर्दाश्त नहीं कर सका और खेल बीच में ही छोड़ कर चला गया । यहां तक कि जल्दी में अपना कुछ सामान भी छोड़ गया । उन लोगों को दाल में कुछ काला लगा और उन लोगों ने ध्यानचंद को हॉकी बदलने का हुक्म दिया । लेकिन गोल लगने जारी रहे । भारत 8-1 के स्कोर से जीत गया, इसमें से तीन गोल ध्यानचंद ने लगाए थे । एक रिपोर्टर ने ध्यानचंद की उत्तम खेल कला के बारे में इस प्रकार टिप्पणी की- ‘कलाई का एक घुमाव, आखों से देखी एक झलक, एक तेज मोड़ और फिर ध्यानचंद का जोरदार गोल’ ।

मैच के अगले दिन हिटलर ने ध्यानचंद को अपने पास आने के लिए आमंत्रित किया । कहा जाता है कि हिटलर ने ध्यानचंद से पूछा कि वह भारत में किस पोस्ट पर काम करता है । वह यह जानकर हैरान रह गया कि हॉकी का इतना बड़ा जादूगर भारतीय सेना में नायक के पद पर कार्य करता है । यह सुनकर हिटलर ने ध्यानचंद को जर्मनी में आकर रहने का प्रस्ताव रखा और कहा कि उसे फील्ड मार्शल बना दिया जाएगा । लेकिन ध्यानचंद ने यह कहते हुए इंकार कर दिया कि भारत में उनका बड़ा परिवार है और वह वहीं रहना चाहते हैं । कुछ लोगों के अनुसार हिटलर ने इस मीटिंग में ध्यानचंद से पूछा- ‘तुम जर्मनी की तरफ से खेलने के लिए क्या लोगे?’ लेकिन ध्यानचंद ने कहा- ‘कुछ नहीं सर, भारत ही मेरा सर्वस्व है ।’

आश्चर्यजनक रूप से यहाँ खेले गए ओलंपिक खेलों में भारत की टीम ने कुल 175 गोल बनाए, जिनमें से 59 गोल ध्यानचंद ने दागे थे ।

द्वितीय विश्वयुद्ध के पश्चात् वह हॉकी के खेल से जुड़े रहे । उन्होंने पूर्वी अफ्रीका के विरुद्ध 22 मैच खेले, जिनमें उन्होंने 61 गोल बनाए । वह 42 वर्ष की उम्र तक खेलने के पश्चात् 1948 में खेलों से रिटायर हो गए ।

1956 में वह मेजर के पद पर सेना से रिटायर हो गए ।

खेलों से रिटायरमेंट के पश्चात् ध्यानचंद ने राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला (पंजाब) से कोचिंग में डिप्लोमा हासिल किया । ध्यानचंद 3 दिसम्बर, 1979 को इस दुनिया से विदा हो गए ।

उपलब्धियां

1956 में भारत सरकार ने ध्यानचदं को ‘पद्मभूषण’ से सम्मानित किया |

वियना (आस्ट्रिया) के निवासियों ने ध्यानचंद को सम्मानित करने के उद्देश्य से उनकी एक मूर्ति लगाई है | इसमें ध्यानचंद के चार हाथ और चार हाथों में हॉकी दिखाई गई है | इस मूर्ति द्वारा यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि उनका हॉकी व गेदं पर कितना अधिक नियत्रंण था ।

ध्यानचंद एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिनकी मूर्ति इंडिया गेट के पास स्टेडियम में भी लगाई गई है । इसके अतिरिक्त ध्यानचंद की एक मूर्ति 2005 में आंध्र प्रदेश के मेडक जिले में लगाई गई है |

उनके जन्मदिन यानी 29 अगस्त को भारत में खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है | इसी दिन ‘ध्यानचंद पुरस्कार, ‘अर्जुन पुरस्कार’ जैसे बड़े खेल सम्मान द्वारा राष्ट्रपति भवन में खिलाड़ियों को दिए जाते हैं ।

उनके नाम पर ‘ध्यानचंद पुरस्कार’ खिलाड़ियों को दिया जाता है |

ध्यानचंद के नाम पर दिल्ली में इंडिया गेट के पास बने नेशनल स्टेडियम का नाम ‘ध्यानचंद स्टेडियम’ कर दिया गया ।

ध्यानचंद को सम्मान देते हुए भारतीय डाक विभाग ने एक डाक टिकट उनकी स्मृति में निकाला ।